ग्राम पंचायतों की बैठकों में रोस्टर के अनुसार नहीं आते अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम पंचायतों की बैठकों में रोस्टर के अनुसार नहीं आते अधिकारी


नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। क्षेत्र पंचायत जौनपुर की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं सहित सड़क, पेयजल, आंगनबाड़ी भवनं और पर्यटन सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। ग्राम पंचायतों की रोस्टर बैठकों में विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और किसानों को सम्मान निधि व पेंशन नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए गए। सिर्वाधार में सड़क के ऊपर आई पेयजल लाइन को एक सप्ताह में दुरुस्त करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को दिए।

बुधवार को ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई समस्याओं पर चर्चा हुई। कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी नरेंद्र नागर ने सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम प्रधान सुनील सेमवाल ने ग्राम पंचायतों की रोस्टर बैठकों में अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति का मामला उठाया।

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि ने क्षेत्र में कई लोगों को किसान सम्मान निधि और किसान पेंशन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। बीडीसी सीमा देवी और ग्राम प्रधान राजकुमारी नौटियाल व रेखा रावत ने खेती को जंगली जानवरों से बचाने के लिए उद्यान विभाग से घेरबाड़ कराने का मामला उठाया। कुलबीर रावत ने ग्राम खेड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र के नए भवन निर्माण की मांग की। ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने पर्यटन स्थल देवलसारी में उरेडा के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगाने का मुद्दा उठाया।

बीडीसी अनीश कुमार ने थत्यूड़-बंगशील मोटर मार्ग पर सिर्वाधार के पास जल संस्थान की पाइपलाइन सड़क के ऊपर होने से आवागमन में हो रही परेशानी का मामला उठाया। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने जल संस्थान के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पाइपलाइन दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, डीपीआरओ एमएम खान, एसडीएम अंशुल भट्ट, बीडीओ राकेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story