ग्रामीणों में गुलदार की दहशत, निजात दिलाने की गुहार

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 30 मार्च (हि.स.)। पाबौ ब्लाक के ग्राम सभा सैजी के कोठला तोक में पिछले कई दिनों से गुलदार का आतंक बना हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक गुलदार लगातार आबादी क्षेत्र में घूमते हुए देखे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। कोठला निवासी सुरेंद्र नौटियाल, नंदराम, राकेश नौटियाल, देवी प्रसाद, कैलाश ने बताया कि जंगली जानवर दिन में भी गांव के आसपास दिखाई दे रहे हैं और रात के समय घरों के आंगन तक पहुंच जा रहे हैं। जिससे गांव में दहशत बनी हुई है।

कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र गांव में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने व गुलदारों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story