ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण, योजनाओं की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण, योजनाओं की दी जानकारी


पौड़ी गढ़वाल, 21 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने शिविर में सड़क, विकास, स्वास्थ्य और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। विकासखंड स्तर की शिकायतों का खंड विकास अधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ब्लॉक स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

शिविर में प्रधान संगठन अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जीशान अली, एडीओ पंचायत मोहन सिंह रावत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, ग्राम विकास अधिकारी नितिन सिद्धार्थ समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story