गुरु पूर्णिमा पर निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में सजा विशेष दीवान

WhatsApp Channel Join Now
गुरु पूर्णिमा पर निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में सजा विशेष दीवान


गुरु पूर्णिमा पर निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में सजा विशेष दीवान


हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)। कनखल स्थित निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष दीवान का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।

अखंड पाठ की समाप्ति के बाद सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। इसके बाद भाई निकुल सिंह, भाई हरि सिंह, भाई साहिब सिंह देहरादून और हरजीत कौर ने गुरबाणी का शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया।

संत बाबा जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरु व्यक्ति के विकार दूर कर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गुरु नानक देव से गुरु गोबिंद सिंह तक सभी गुरुओं ने मानवता की सेवा, भाईचारे और अन्याय के विरोध का संदेश दिया। जहां गुरु की सेवा होती है वहां भगवान का वास होता है। गुरु के बिना जीवन अधूरा है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य की पहली गुरु मां होती है जो संस्कार देती है। माता-पिता और गुरु की सेवा से प्रभु की कृपा मिलती है।

कार्यक्रम में संत तरलोचन सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, सरबजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, कमलप्रीत कौर, सरबजीत कौर सहित बड़ी संख्या में संगत शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story