गार्गी ने भारतीय वायुसेना मे फ्लाइंग अफसर बनने का मुकाम किया हासिल
ज्योतिर्मठ, 07 मार्च (हि.स.)।
उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली के सीमावर्ती ब्लॉक जोशीमठ की बेटी गार्गी उनियाल ने भारतीय वायुसेना मे फ्लाइंग अफसर बनकर प्रदेश व क्षेत्र का नाम का रोशन किया है। पहाड़ कि बेटी गार्गी उनियाल ने अपने पहले प्रयास में ही एअर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट की प्रवेश परीक्षा उतीर्ण की और एक वर्ष की ट्रेनिंग के बाद भारतीय वायु सेना में ऑफिसर बनी।
शनिवार को बैंगलुरु के एअर फोर्स टेक्निकल कॉलेज मे हुई पासिंग आउट परेड मे गार्गी के पिता दिनेश उनियाल व माता पूनम उनियाल भी अपनी बेटी की उपलब्धि के साक्षी बने। उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, पहाड़ की बेटियां अपनी मेहनत, लगन व प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र सफलता प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन करने के साथ ही अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं, जिसका एक और उदाहरण गार्गी उनियाल के रूप मे सामने है।
सीमांत नगर जोशीमठ की गार्गी उनियाल के पिता दिनेश उनियाल एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े है और माता गृहणी हैं। गार्गी ने केंद्रीय विद्यालय जोशीमठ से इंटरमीडियट करने के बाद घुडदौड़ी इंजिनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया।
सीमांत नगर की बेटी गार्गी उनियाल के वायुसेना अफसर बनने पर बद्रीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल, बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जोशीमठ नगर पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, बाल संरक्षण आयोग के निवर्तमान सदस्य विनोद कपरुवाण, देवपुजाई समिति ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष अनिल नंबूरी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, सहित अनेक लोगों ने गार्गी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

