गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के चौ. ओमबीर बने अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के चौ. ओमबीर बने अध्यक्ष


हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की प्रांतीय तदर्थ कार्यकारिणी का गठन यूनियन भवन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कर लिया गया। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखण्ड शासन के सेवानिवृत्त उपसचिव ओ.पी. तिवारी ने की, जबकि संचालन जे.पी. चाहर ने किया।

बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों के तहत देहरादून के चौ. ओमबीर सिंह को संगठन का अध्यक्ष चुना गया। हरिद्वार के बी.पी. चौहान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा जे.पी. चाहर को महामंत्री का दायित्व सौंपा गया। विजय कुमार गुप्ता को संरक्षक बनाया गया।

उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती पवन कुमारी, बी.पी. सिंह सैनी, ऋषिराम पैन्यूली और ठाकुर शेर सिंह का चयन किया गया। रमेश चंद्र पंत को कोषाध्यक्ष, ज्ञान प्रकाश मखीजा को संप्रेक्षक तथा अधिवक्ता विनोद शर्मा और सुखवंश सिंह को विधिक सलाहकार नियुक्त किया गया। साथ ही संगठन की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष एवं महामंत्री पदेन सदस्य होंगे।

बैठक में संगठन के संविधान एवं बायलॉज में आवश्यक संशोधनों के लिए एक विशेष समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। इस समिति का अध्यक्ष आर.के. जोशी को बनाया गया है, जबकि राजवीर सिंह मालिक सदस्य सचिव होंगे। समिति में विजय तिवारी, ए.के. नय्यर और दिनेश जोशी को सदस्य नामित किया गया है। समिति संगठन की नियमावली की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों संबंधी अपनी संस्तुतियां प्रस्तुत करेगी।

इस अवसर पर रामदरीख, संतोष माटा, पवन कुमारी, अंजुम, अतर सिंह, उमा शंकर पाण्डेय, राजेश कुमार और वी.के. गुप्ता सहित कई सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा का समापन संगठन की मजबूती और पेंशनर्स के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story