खुर्पाताल में विद्यालय गेट का विवाद सुलझा, अवैध निर्माणों पर सख्ती के निर्देश
नैनीताल, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय गेट पर ताला लगाने को लेकर चल रहे विवाद का मौके पर समाधान कराया।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि गेट पर नया ताला लगाया जाए तथा उसकी चाबियां प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग के पास रहें, ताकि सभी आवश्यक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत भवन और जिला विकास प्राधिकरण की भूमि का जायजा लिया। प्राधिकरण की भूमि पर कचरा डाले जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर दो दिन के भीतर प्रत्येक पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए।
खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर दायरे में बने भवनों और होटलों पर भी आयुक्त ने आपत्ति जताई। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के विरुद्ध वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही अवैध निर्माणों के चालान कर कब्जे हटाने को कहा।
स्थानीय निवासियों द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर आयुक्त ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान हंशी नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी पीएल टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

