खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग को लेकर किया होटलों का सघन निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग को लेकर किया होटलों का सघन निरीक्षण


नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग और किसी खाद्य पदार्थ को एक ही तेल में दो बार से अधिक न तलने के संबंध में नई टिहरी और बौराड़ी के विभिन्न होटल, ढाबों का औचक निरीक्षण किया।

वीरवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने नई टिहरी और बौराड़ी के एक दर्जन से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों का निरीक्षण कर खाद्य कारोबारियों को खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी। बताया गया कि खाद्य तेल को बार-बार गर्म करने अथवा एक ही तेल में खाद्य पदार्थों को दो बार से अधिक तलने से तेल की गुणवत्ता प्रभावित होती है। बार-बार गर्म करने पर तेल में ऑक्सीकरण की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे हानिकारक रासायनिक तत्व एवं ट्रांस फैट उत्पन्न हो सकते हैं।

यह मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि वे इस संबंध में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। बताया कि हाल ही में शासन ने खाद्य तेल के प्रयोग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने होटलों, रेस्टोरेंटों में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story