खतौनी में प्रविष्टियां विलंब से करने पर रजिस्ट्रार कानूनगो का स्पष्टीकरण तलब

WhatsApp Channel Join Now
खतौनी में प्रविष्टियां विलंब से करने पर रजिस्ट्रार कानूनगो का स्पष्टीकरण तलब


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने नरेंद्रनगर तहसील का निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों सहित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की टेबल पर नाम व पदनाम अंकित करने के निर्देश दिए। जिससे आमजन को सुविधा हो सके। मंगलवार को डीएम नितिका ने तहसील परिसर में संदर्भ पंजिका, डाक व्यवस्था, न्यायालय व मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त संदर्भों की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का प्रत्येक माह अद्यतन विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।

साथ ही पिछले वर्ष की लंबित पेंडेंसी का विवरण दर्ज कर पुराने रजिस्टर नियमानुसार क्लोज करने को कहा। वहीं भू-अभिलेखागार के निरीक्षण में कुछ कर्मचारियों की सर्विस बुक में ईएल व इंक्रीमेंट संबंधी प्रविष्टियां अद्यतन न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष घिल्डियाल को निर्देश दिए कि लगातार इनकी निगरानी करें। नामांतरण वादों की समीक्षा करते हुए स्वीकृति के बावजूद खतौनी में प्रविष्टियां विलंब से किए जाने पर डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो बालम सिंह रावत से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत नामांतरण के आधार पर खतौनी में प्रविष्टियां तत्काल अद्यतन हों और लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story