खंडूड़ी के निधन पर प्रदेश में शाेक की लहर, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जताया शाेक

WhatsApp Channel Join Now
खंडूड़ी के निधन पर प्रदेश में शाेक की लहर, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जताया शाेक


देहरादून, 19 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलाें ने शाेक संवेदनाएं व्यक्त की है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य ने संवेदनाएं व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास, सुशासन और सैनिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से नि) का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सार्वजनिक जीवन में भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने प्रदेशहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेकर विकास को नई दिशा प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी की सादगी, स्पष्टवादिता एवं कार्यकुशलता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है।

मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल खंडूड़ी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। महाराज ने शोक संदेश में कहा कि खंडूरी एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और उत्तराखंड के विकास के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शी शासन और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष बल दिया। उनका निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। शोक संदेश में कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान देश की संसद में पृथक राज्य उत्तराखंड की आवाज़ को प्रखरता से बुलंद करने से लेकर, बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और विकासपरक नीतियों की सुदृढ़ नींव रखने तक, खंडूरी जी का अद्वितीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेजर जनरल खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति सांत्वना प्रकट की है। शोक संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी का आकस्मिक निधन प्रदेश व देश की अपूर्णीय क्षति है। उनका पूरा जीवन देश सेवा एवं समाज सेवा को समर्पित रहा है। भारतीय सेना में उच्च पद से लेकर केन्द सरकार में मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में देश एवं प्रदेश के उत्थान के लिए उनके प्रयासों कों कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story