कौशलम् पाठ्यचर्या: वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक पहल

WhatsApp Channel Join Now
कौशलम् पाठ्यचर्या: वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक पहल


नई टिहरी, 24 सितंबर (हि.स.)। जीजीआईसी नरेंद्रनगर में कक्षा 10 की कौशलम् पाठ्यचर्या व शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। जिसमें नरेंद्रनगर ब्लॉक के माध्यमिक स्तर के हाईस्कूल व इंटर कॉलेजों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

वीरवार को समापन दिवस पर मास्टर ट्रेनर मंजू बहुगुणा विनोद नेगी ने शिक्षकों को कौशलम कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। बताया गया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, प्रभावी संचार, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, वित्तीय समझ तथा निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। उन्हें विद्यार्थियों को अपने आसपास उपलब्ध स्थानीय संसाधनों की पहचान करने व स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

बहुगुणा ने कहा कि कौशलम् पाठ्यचर्या विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें जीवन की वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करने की दिशा में पहल है। कहा शिक्षक पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शक की भूमिका निभा सकते हैं।

प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों ने कहा कि कौशलम् प्रशिक्षण से उन्हें विद्यार्थियों की क्षमताओं को पहचानने तथा उन्हें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने के नए तरीके सीखने का अवसर मिला है। इस अवसर पर नरेंद्रनगर ब्लॉक अध्यक्ष व समन्वयक अनिल कुकरेती, डायट प्रवक्ता देवेंद्र भंडारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story