केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 412 पर्यावरण मित्र संभाल रहे स्वच्छता जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 412 पर्यावरण मित्र संभाल रहे स्वच्छता जिम्मेदारी


गुप्तकाशी, 22 मई (हि. स.)। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सीतापुर से केदारनाथ तक कुल 412 पर्यावरण मित्र सफाई व्यवस्था में जुटे हुए हैं। ये कर्मी पैदल यात्रा मार्ग के साथ-साथ होटल और लॉज से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण का कार्य भी कर रहे हैं।

पर्यावरण मित्र घोड़े-खच्चरों की लीद को कट्टों में भरकर सुरक्षित स्थानों पर डंप कर रहे हैं। यात्रा का दबाव कम होने के बाद इस जैविक अपशिष्ट को सोनप्रयाग स्थित प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। वहीं प्लास्टिक और पॉलीथीन कचरे को अलग से एकत्र कर कॉम्पैक्टर मशीन से बेलिंग कर रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जा रहा है।

यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए काकड़ा से केदारनाथ तक 249 स्टील फ्रेमयुक्त आधुनिक शौचालय स्थापित किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क संचालित हो रहे हैं। इससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

सुलभ इंटरनेशनल के सहायक नियंत्रक एवं यात्रा प्रभारी धनंजय पाठक ने कहा कि संस्था तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

Share this story