केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एसपी निहारिका तोमर का स्थलीय निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एसपी निहारिका तोमर का स्थलीय निरीक्षण


देहरादून, 26 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने *केदारनाथ बेस कैंप से लेकर गौरीकुण्ड तक के प्रमुख पड़ावों—लिंचोली, भीमबली एवं जंगलचट्टी—स्थित पुलिस चौकियों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल से संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया तथा आवश्यक सुधार हेतु निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों व यात्रा अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, घोड़ा-खच्चर संचालकों से भी वार्ता कर संचालन व्यवस्था, रूट मैनेजमेंट एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सुचारु आवागमन, चिकित्सा सहायता एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने हेतु पुलिस बल को सतत सतर्क एवं सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग विगत 06 दिनों से केदारनाथ धाम में कैंप कर स्वयं व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है, केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा उत्तराखण्ड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा मार्ग के प्रत्येक प्रमुख पड़ाव पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story