कुविवि ने 2026 के सम सेमेस्टर के 38 पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित किए
नैनीताल, 08 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026 में पंजीकृत विद्यार्थियों की सम सेमेस्टर मुख्य एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार कुल 38 पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम 8 अगस्त 2026 को घोषित किए गए हैं। विद्यार्थी अपने परिणाम विश्वविद्यालय के ईआरपी पोर्टल तथा समर्थ विद्यार्थी खाते के माध्यम से देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी परिणाम अधिसूचना में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमकॉम तथा विभिन्न विषयों के एमए और एमएससी सहित कई स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शामिल हैं। घोषित परिणामों में बीए गैर-नई शिक्षा नीति द्वितीय एवं षष्ठम सेमेस्टर, बीएससी गैर-नई शिक्षा नीति द्वितीय एवं षष्ठम सेमेस्टर, बीकॉम गैर-नई शिक्षा नीति षष्ठम सेमेस्टर, एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर, एमए अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र एवं चित्रकला द्वितीय सेमेस्टर तथा एमएससी गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, प्राणी विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम शामिल हैं।
इसके अलावा बीएससी खाद्य प्रौद्योगिकी, बीएससी गृह विज्ञान, बीकॉम कर नियोजन एवं प्रबंधन, बीएससी कृषि, पत्रकारिता एवं जनसंचार में बीए, बीएससी फैशन डिजाइनिंग, बीए एनीमेशन एवं डिजाइन, बीबीए, बीसीए, एमएससी जैव प्रौद्योगिकी, एमएससी सूक्ष्मजीव विज्ञान, एमएससी पर्यावरण विज्ञान, एमए महिला अध्ययन, मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स, एमए योगिक विज्ञान, एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार, मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज तथा समेकित शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम भी घोषित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

