काशीपुर में 13-14 अक्टूबर को भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
काशीपुर में 13-14 अक्टूबर को भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला


देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तारकों और प्रभारियों को मार्गदर्शन देगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में बताया कि कार्यशाला में विस्तारकों और प्रभारियों को विभिन्न चुनावी, राजनीतिक एवं सांगठनिक विषयों पर शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि विस्तारक योजना का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय करना है। कार्यशाला में विस्तारकों को बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

दीप्ति रावत के अनुसार विस्तारक अपने प्रवास के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों की जानकारी लेंगे तथा पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला के समापन के बाद सभी विस्तारक और प्रभारी अपनी-अपनी आवंटित विधानसभा के लिए रवाना होंगे और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक वहां पूर्णकालिक प्रवास करेंगे। पार्टी का लक्ष्य ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के संकल्प को मजबूत करते हुए संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह सक्रिय करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story