कावड़ मेला के बाद मैराथन सफाई अभियान, मेयर ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कावड़ मेला के बाद मैराथन सफाई अभियान, मेयर ने किया निरीक्षण


हरिद्वार, 12 अगस्त (हि.स.)। मेयर किरण जैसल ने कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद शहर में शुरू किए गए विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने सफाई में जुटे कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

मेले के बाद शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। जिन क्षेत्रों में अधिक कूड़ा जमा हुआ है, वहां विशेष टीमों के माध्यम से सफाई कराई जा रही है।

मेयर किरण जैसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, कांवड़ मार्गों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहीं भी कूड़ा-कचरा एकत्र न होने दिया जाए और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारी एवं संसाधन तैनात किए जाएं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। नगर निगम का उद्देश्य हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है। इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

मेयर ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा और आदित्य तेश्वर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story