कबड्डी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में भोगपुर और बालक वर्ग में हरिद्वार की टीम विजेता

WhatsApp Channel Join Now
कबड्डी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में भोगपुर और बालक वर्ग में हरिद्वार की टीम विजेता


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। युवा कांग्रेस की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में कनखल स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हरिद्वार गोल्ड कप बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की दस टीमों ने प्रतिभाग किया। बालिका वर्ग में जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी भोगपुर और बालक वर्ग में एसपी क्लब हरिद्वार ने खिताब जीता।

संयोजक नितिन तेश्वर और वीरेंद्र श्रमिक ने बताया कि प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसमें जिले के सरकारी विद्यालयों के बालक-बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।

कोच भारत भूषण और दिव्यांश अग्रवाल ने बताया कि हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, टांडा भागमल, बहादराबाद, झबरेड़ा, भोगपुर और रोशनाबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों की दस टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में बालिका वर्ग में जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी भोगपुर ने एचआर एकेडमी को पराजित कर ट्रॉफी जीती। वहीं बालक वर्ग में एसपी क्लब हरिद्वार ने यूथ क्लब को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इस अवसर पर महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर खेलों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक विकास का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता में दीपक सैनी, नैंसी और सोनिया ने रेफरी की भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story