एवरग्रीन समेत चार और स्कूलों पर प्रशासन की कार्रवाई, अब तक 105 को भेजे नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
एवरग्रीन समेत चार और स्कूलों पर प्रशासन की कार्रवाई, अब तक 105 को भेजे नोटिस


हल्द्वानी , 12 मई (हि.स.)। नैनीताल जिले में निजी स्कूलों की मनमानी पर जिला प्रशासन लगातार शिकंजा कस रहा है। इसी क्रम में हल्दूचौड़ क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवर ग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, समेत चार और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में नोटिस पाने वाले निजी स्कूलों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा की गई जांच में कई स्कूलों पर एनसीईआरटी के बजाय महंगी निजी प्रकाशनों की किताबें अनिवार्य करने, अतिरिक्त शुल्क वसूलने और अभिभावकों पर आर्थिक दबाव डालने के आरोप सामने आए हैं।ताजा कार्रवाई में एवर ग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माउंट कार्मल सेरा स्कूल लामाचौड़, हैप्पी स्टेप्स स्कूल देवलचौड़ और लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल को नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर, भवाली और भीमताल क्षेत्र के 101 निजी विद्यालय प्रशासन के निशाने पर आ चुके हैं।

प्रशासन ने संबंधित विद्यालयों को 15 दिन के भीतर जवाब देने, एनसीईआरटी आधारित पुस्तक सूची लागू करने, अतिरिक्त शुल्कों का समायोजन करने और वेबसाइट पर फीस व पुस्तक सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेशों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ मान्यता निलंबन या निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story