एलपीजी गैस की समस्या के समाधान के लिए होटल व धर्मशालाओं से पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी गैस की समस्या के समाधान के लिए होटल व धर्मशालाओं से पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील


हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। जनपद में होटल एवं धर्मशालाओं में एलपीजी गैस सिलिंडर की समस्या को दूर करने के लिए पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान की अध्यक्षता में होटल एसोसिएशन एवं धर्मशालाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने उपस्थित पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में एलपीजी गैस की समस्या को देखते हुए सभी प्रतिष्ठान पीएनजी गैस कनेक्शन लेने के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक है कि होटल और धर्मशालाएं समय रहते पीएनजी गैस कनेक्शन ले लें, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले ही उन्हें गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

नगर मजिस्ट्रेट ने पीएनजी गैस प्रबंधन को निर्देश दिए कि जिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धर्मशालाओं और होटलों द्वारा पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया जाए, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही इंडियन ऑयल एवं बीपीसीएल गैस एजेंसियों के पदाधिकारियों से भी कहा गया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उनकी मांग के अनुरूप एलपीजी गैस की आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारी मयंक कुमार ने बताया कि वर्तमान में गैस एजेंसियों में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने होटल एसोसिएशन एवं धर्मशालाओं को अपने एलपीजी कनेक्शन और गैस एजेंसी का विवरण देने को कहा, ताकि उसी आधार पर उन्हें गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, बीपीसीएल के अश्वनी कुमार, पीएनजी प्रबंधक प्रांशु वालियान, धर्मशाला समिति के महेश गौड़, बजट होटल एसोसिएशन के कुलदीप शर्मा सहित होटल व धर्मशाला संचालक तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story