उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 47वीं कार्य परिषद की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 47वीं कार्य परिषद की बैठक


हल्द्वानी , 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 47वीं कार्य परिषद की बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियाँ एवं स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके साथ ही कार्य परिषद की 46वीं बैठक, जो 4 अगस्त, 2026 को आयोजित हुई थी, के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई व निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

बैठक में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भूपेन सिंह के असाधारण अवकाश एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी किए जाने से संबंधित प्रार्थना-पत्र पर भी विचार किया गया। वहीं, करियर अभिवर्धन योजना के अंतर्गत भौतिकी विषय के प्राध्यापक प्रो. कमल देववाल की अकादमिक स्तर-14 में पदोन्नति की पात्रता तिथि में संशोधन से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा की गई। विश्वविद्यालय में अल्पकालिक/अस्थायी आधार पर कैमरामैन एवं वीडियो एडिटर के नियोजन से जुड़े विषय को भी कार्य परिषद के समक्ष रखा गया।

इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय वित्त समिति की 22वीं बैठक (3 सितंबर, 2026) तथा विद्या परिषद की 37वीं बैठक (23 अक्टूबर, 2026) की संस्तुतियों के अनुमोदन से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सदस्यों में रमेश चन्द्र बिन्जोला, अध्यक्ष, हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, हल्द्वानी; प्रो. रेनू प्रकाश, निदेशक, समाज विज्ञान विद्याशाखा; प्रो. जीतेन्द्र पाण्डेय, निदेशक, कम्प्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विद्याशाखा; प्रो. पी.डी. पंत, निदेशक, भौमिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्याशाखा; डॉ. हरीश चन्द्र जोशी, सह-आचार्य, वानिकी; डॉ. नीरजा सिंह, सहायक आचार्य, समाज कार्य; श्री खेमराज भट्ट, कुलसचिव एवं सदस्य सचिव और प्रो. सोमेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक व आमंत्रित सदस्य शामिल रहे।

बैठक में ऑनलाइन माध्यम से प्रो. बी.एस. राजपूत, पूर्व कुलपति, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल; प्रो. योजना रावत, निदेशक, शोध, यूनिवर्सिटी ऑफ ओपन लर्निंग, पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़; डॉ. अजय कुमार गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल्स लिमिटेड, लालकुआँ; प्रो. शची शाह, इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली; श्री प्रदीप मोहन नौटियाल, संयुक्त सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नामित प्रतिनिधि; तथा श्री सूर्यप्रताप सिंह, वित्त अधिकारी, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय एवं आमंत्रित सदस्य ने प्रतिभाग किया।

बैठक में लिए गए निर्णयों तथा विभिन्न समितियों की संस्तुतियों पर हुए विचार-विमर्श को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया। आगामी 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में हुई चर्चा भी बैठक का प्रमुख विषय रही।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story