उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी
देहरादून, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी समय में राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों (3300 मीटर से अधिक) में बर्फबारी की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के आसार हैं।
विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अन्य जिलों के लिए भी वॉच जारी की गई है, जहां गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
तापमान के संदर्भ में विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम दर्ज किया गया। आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जबकि इसके बाद 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी देहरादून में आंशिक से लेकर सामान्य बादल छाए रहने, हल्की वर्षा, गर्जन के साथ बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की ओर से जारी एलर्ट को लेकर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून द्वारा संबंधित जनपदों को सावधानी बरतने को कहा है। आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित समस्त अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें और सभी संबंधित विभाग सक्रिय रूप से फील्ड में कार्यरत रहें। इसके साथ ही मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने, राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों की क्षेत्र में सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने और सभी चैकियों,थानों में आपदा प्रबंधन संबंधी उपकरण एवं वायरलेस प्रणाली के साथ हाई अलर्ट बनाए रखने को कहा गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनमानस से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

