उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा व बर्फबारी की संभावना, शेष में मौसम शुष्क

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा व बर्फबारी की संभावना, शेष में मौसम शुष्क


देहरादून, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज हल्के मौसम परिवर्तन के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा अथवा बर्फबारी हो सकती है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा नहीं हुई। हालांकि पांडुकेश्वर के ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर 3.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य स्थानों पर वर्षा शून्य रही।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि यह गतिविधि सीमित क्षेत्रों तक ही रहने की संभावना है और व्यापक असर के संकेत नहीं हैं। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story