उत्तराखंड की पहचान बन चुका है ऐतिहासिक कुंजापुरी मेलाः धामी
नई टिहरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। 50 वें (स्वर्ण जयंती वर्ष) सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का मार्च पास्ट और आकर्षक झांकियों के साथ रंगारंग आगाज हो गया। 9 दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल और अन्य स्पर्धाएं कराई जाएंगी।की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कुंजापुरी मेला प्रदेश की पहचान बन चुका है।
रविवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कुंजापुरी मेले का दीप प्रज्वलित और रिबन काटकर शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि मेले केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने के महत्वपूर्ण मंच भी हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला भी बनना चाहिए। इसके लिए कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने स्थानीय महिला समूहों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बढ़ती मांग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मेले स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने मेला समिति की ओर से प्रस्तुत मांगपत्र पर स्वीकृति दी। जिससे क्षेत्र में पर्यटन विकास और मेले के आयोजन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री उनियाल और मेलाध्यक्ष व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि 50 साल में कुंजापुरी मेला आज भव्य रूप से मनाया जा रहा है। कांग्रेसियों ने डीएम नितिका खंडेलवाल को नगर की समस्याओं का ज्ञापन सौपंा। वहीं मेले में पूर्व विधायक ओमगोपाल और पूर्व जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण नहीं दिए जाने पर कांग्रेसियों ने विरोध जताया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लाक प्रमुख दीक्षा राणा, नपं अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, मेले के संस्थापक एसएस पांगती, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनिता बिष्ट, एसएसपी श्वेता चौबे आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

