उच्च शिक्षा संस्थानों की समीक्षा: डीएम ने रिजल्ट, प्लेसमेंट व सुविधाओं पर कसा शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
उच्च शिक्षा संस्थानों की समीक्षा: डीएम ने रिजल्ट, प्लेसमेंट व सुविधाओं पर कसा शिकंजा


पौड़ी गढ़वाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को समस्त राजकीय महाविद्यालयों एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च शिक्षा संस्थानों की शैक्षणिक स्थिति, परिणाम, प्लेसमेंट, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर गहन चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों से उनके रिजल्ट, प्लेसमेंट, छात्र संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता, रिक्त पदों की स्थिति, विषयवार संकाय, भवनों की स्थिति एवं अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संस्थानों को निर्देश दिए कि वे अपनी अद्यतन सूचनाएं नियमित रूप से व्यवस्थित प्रारूप में उपलब्ध कराएं।

बैठक में प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थानों की समस्याएं व आवश्यकताएं रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद स्तर से संभव कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा, जबकि अन्य प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे जाएंगे।

आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और भवनों की स्थिति पर विशेष फोकस रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि मंडी परिषद के अधीन निर्माणाधीन भवनों के मामलों में समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कण्वघाटी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। वहीं, सतपुली महाविद्यालय को जाने वाले कच्चे मार्ग के सुधार के लिए जिला योजना के तहत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।

पॉलिटेक्निक संस्थानों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की बात कही।

इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, प्रशासनिक अधिकारी मनोज रावत सहित सभी महाविद्यालयों व पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्राचार्य, प्रोफेसर और प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से बैठक में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story