आंगन मिलन कार्यक्रमों में योजनाओं और पोषण की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
आंगन मिलन कार्यक्रमों में योजनाओं और पोषण की दी जानकारी


पौड़ी गढ़वाल, 26 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों और अन्य लाभार्थियों को बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र घड़ियाल में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं और पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्ता व एएनएम ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। आंगनबाड़ी केंद्र सपलोडी में उपप्रधान को सम्मानित किया गया और लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

वहीं, बाल विकास परियोजना एकेश्वर में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दो गर्भवती, एक धात्री महिला और चार किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। एक अतिकुपोषित बच्चे को भी पोषण किट दी गई। परियोजना अधिकारी ने पोषण के महत्व की जानकारी दी, जबकि सुपरवाइजर रक्षा जोशी ने विभागीय योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ ही पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story