अमेरिकन आश्रम पर कब्जे के आरोपों से गरमाया विवाद, प्रबंधिका ने संतों पर लगाए गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिकन आश्रम पर कब्जे के आरोपों से गरमाया विवाद, प्रबंधिका ने संतों पर लगाए गंभीर आरोप


हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिकन आश्रम उर्फ स्वामी देवानंद भक्ति योग आश्रम एक बार फिर विवादों में है। आश्रम की प्रबंधिका परमजीत कौर ने रविवार को मीडिया के सामने कुछ लोगों पर आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने का कुचक्र रचने और भूमि को खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले में प्रशासन से शिकायत के बावजूद उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है।

परमजीत कौर ने दावा किया कि स्वामी देवानंद भक्ति योग आश्रम ट्रस्ट नाम की किसी संस्था का अस्तित्व नहीं है और कुछ लोग ट्रस्ट के नाम का इस्तेमाल कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार आश्रम की संपत्ति की स्वामिनी टोरंटो निवासी मैडम ईस्टर फ्रीड हैं, जिन्हें स्वामी देवानंद संपत्ति से जुड़े सभी अधिकार सौंपकर गए थे।

परमजीत कौर ने मीडिया के सामने वीडियो कॉल के माध्यम से मैडम ईस्टर फ्रीड से भी बातचीत कराई। फ्रीड ने दावा किया कि संपत्ति से संबंधित सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वह अस्वस्थ हैं और जल्द हरिद्वार पहुंचकर प्रशासन के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत करेंगी तथा आश्रम को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मांग करेंगी।

परमजीत कौर ने महंत दुर्गादास, महंत हठयोगी और महंत ऋषिश्वरानंद पर भी आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के कथित षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि महंत हठयोगी ने काफी समय पहले राहुल नाम के एक युवक को कुछ दिनों के लिए आश्रम में ठहराने के लिए भेजा था, लेकिन अब वही युवक वहां कब्जा करके बैठा है।

मामले में मैडम ईस्टर फ्रीड और परमजीत कौर के सार्वजनिक बयानों के बाद बाबा हठयोगी के स्वयं को आश्रम ट्रस्ट का अध्यक्ष बताए जाने के दावे पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, पूरे मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। संपत्ति के वास्तविक स्वामित्व और ट्रस्ट के अस्तित्व को लेकर स्थिति संबंधित दस्तावेजों और प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story