अतिक्रमण पर निगम की सख्ती, 50 ठेली-फेरी हटाए
हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम हरिद्वार द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वार्ड संख्या 60 के हरिलोक क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास सार्वजनिक सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में नगर निगम की टीम ने पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान करीब 50 ठेली-फेरी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जबकि तीन ठेलियों को जब्त किया गया।
नगर निगम द्वारा क्षेत्र में पुनः अतिक्रमण न हो, इसके लिए मुनादी कराकर लोगों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों और बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

