अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, फुटपाथ कराया गया खाली, सामान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, फुटपाथ कराया गया खाली, सामान जब्त


हरिद्वार, 23 फ़रवरी (हि.स.)। 2027 कुंभ मेले की तैयारियों के बीच प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी की अगुवाई में पहुंची प्रशासन की टीम ने देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन तक फुटपाथ पर अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान तमाम रेड़ी पटरी और अस्थाई दुकानों को हटाकर फुटपाथ खाली कराए गए। नाले पर बनी सभी अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही रेलवे की सीमा में बनाए गए अवैध गोदाम भी तोड़े गए।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान का कहना है कि प्रशासन का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि नो पार्किंग में खड़े होने वाली ई-रिक्शाओं और अन्य वाहनों का चालान करने के निर्देश भी पुलिस को दिए गए हैं। साेमवार काे सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में पुलिस, नगर निगम और रेलवे के अधिकारियों की टीम देवपुरा पहुंची और रेलवे की बाउंड्री से सटे नाले पर बनी अवैध दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कई दुकानदार अपने ठेलियों और अस्थाई दुकानों को लेकर भागते नजर आए। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन की टीम ने किसी की नहीं मानी। एक सिरे से अतिक्रमित दुकानें तोड़ी गई, कई लोगों का सामान भी जब्त कर लिया गया। कई लोगों ने रेलवे स्टेशन की दीवार के पीछे गोदाम बना रखे थे। सिटी मजिस्ट्रेट ने गोदामों को हटाने के निर्देश रेलवे के अधिकारियों को दिए।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के मुताबिक शहर के जितने भी फुटपाथ हैं, उनसे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। आगामी कांवड़ मेले, स्नान पर्वों और अर्ध कुंभ से पहले लगातार अतिक्रमण हटाया जाएगा और हरिद्वार शहर को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story