अटल जी की राजनीतिक दूरदर्शिता और साहसिक निर्णयों ने देश को आगे बढ़ाया: गोयल

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 27 दिसंबर (हि.स.)। उपनगरी ज्वालापुर स्थित एक बैंकेट हॉल में आयोजित अटल स्मृति वर्ष विधानसभा सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी के जीवन की प्रेरणा हमें हमेशा आगे बढ़ने में सहायता करती है। उन्होंने भारतीय राजनीति में एक नई सोच और दिशा प्रदान की, जो सदैव हमारे मार्गदर्शन का स्रोत रहेगी।

उन्होंने कहा कि अटल जी का नेतृत्व केवल राजनीतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं था। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह हमें आज भी प्रेरित करता है। वे एक कुशल वक्ता और महान कवि थे, जिन्होंने अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से भावनाओं एवं विचारों को साझा किया। उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और साहसिक निर्णयों ने देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने कहा कि वे कहते थे कि सपने वो नहीं जो हम सोते समय देखते हैं, सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते, हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। महापौर श्रीमती किरण जैसल ने कहांकि अटल जी एक भारतीय राजनेता, कवि, पत्रकार और वक्ता थे, जिन्होंने तीन बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। दायित्वधारी सुभाष बर्थवाल ने कहा कि परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्रों से बिना डरे वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 1998 में राजस्थान के पोखरण में द्वितीय परमाणु परीक्षण किया। इसकी अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए को भनक तक नहीं लग पाई।

इस अवसर भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, संजीव चौधरी,प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती अन्नू कक्कड़ जी, कार्यक्रम संयोजक राजकुमार अरोड़ा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती प्रीति गुप्ता, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा एजाज हसन, प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, मध्य हरिद्वार मंडल तुशांक भट्ट, मंडल अध्यक्ष गौरव वर्मा, महामंत्री हर्षित त्रिपाठी, महामंत्री कनखल मंडल प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, योगेंद्र पाल रवि, मंडल महामंत्री राकेश नौडियाल, मंडल महामंत्री सप्त ऋषि मंडल देवेश मंमगई, मंडल महामंत्री, अध्यक्ष, महामंत्री, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष व भाजपा के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story