हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, पुलिस पहुंची तो साले के साथ फरार

WhatsApp Channel Join Now
हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, पुलिस पहुंची तो साले के साथ फरार


उदयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सिंगाराम गरासिया एवं उसके भाई मीठाराम द्वारा वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही दोनों आरोपी अपने साले के साथ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जंगल सहित आसपास के कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

डांग का हेराल कला गांव में वन भूमि पर दोनों भाइयों द्वारा पक्के निर्माणाधीन मकान बनाए गए थे। वन विभाग की ओर से इन्हें अवैध मानते हुए पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर की मदद से दोनों मकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर सिंगाराम गरासिया के खिलाफ लूट, चोरी, डकैती, मारपीट, हत्या के प्रयास सहित करीब 23 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। कार्रवाई के दौरान उसके भाई मीठाराम और साले के साथ भाग जाने की सूचना पर पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर छह से अधिक थानों का पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अभियान का नेतृत्व कोटड़ा डीएसपी डूंगर सिंह चुंडावत ने किया। इस दौरान देवला तहसीलदार कुकवा राम, बेकरिया थानाधिकारी रामअवतार मीना, सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत, पानरवा थानाधिकारी शब्बीर खान, मांडवा थानाधिकारी मुगलाराम सहित गोगुंदा, कोटड़ा तथा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story