स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रेरणा स्त्रोत: मुख्यमंत्री
स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि मनाई, मुख्यमंत्री सहित कई लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि शनिवार को जोधपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार, उनका राष्ट्र निर्माण का संकल्प और युवाओं के प्रति उनका संदेश आज भी समाज को जनसेवा, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। इस दौरान संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वहीं, गौरव पथ स्थित स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने का संकल्प व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभाओं में वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और उनका जीवन राष्ट्रसेवा एवं मानव कल्याण का संदेश देता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

