स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सभी व्यवस्थाएं रखें चाक-चौबंद-आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सभी व्यवस्थाएं रखें चाक-चौबंद-आयुक्त


धौलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 में प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पारदर्शिता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मतदान एवं मतगणना की सभी व्यवस्थाऐं स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से की जाए जिससे आयोग की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्वक चुनाव सम्पन्न हों। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की एवं मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को भी समुचित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए किए गए नवाचारों की सराहना की। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 3 पंचायत समितियों में चुनाव के लिए मतदान दल रवाना कर दिए गए है। उन्होंने ईवीएम की व्यवस्थाऐं, कार्मिकों को प्रशिक्षण, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाऐं, मतदान दलों के ठहराव एवं सामान्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्थ चरण के मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि अवांछित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। बैठक में पर्यवेक्षक अरविंद सारस्वत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रेष्ठा श्री, उपजिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीना एवं उपखण्ड अधिकारी धौलपुर सुरेश राव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story