सैपउ में सड़क हादसे में दो की मौत,तीन घायल
धौलपुर, 06 जून (हि.स.)। भरतपुर-धौलपुर रोड पर जिले के सैपउ थाना क्षेत्र में उमरारा गांव के पास हुए सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात हुए इस सडक हादसे में तेज रफ्तार में बेकाबू हुए ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मरने वाले लोगों में बाइक सवार एक युवक तथा पास में खाट पर सो रहा एक बुजुर्ग शामिल है। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सैपउ थाना प्रभारी प्रमेन्द्र रावत ने बताया कि शुक्रवार रात को धौलपुर की ओर से एक ट्रेलर भरतपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में उमरारा गांव के पास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे चल रही पिकअप को ओवरटेक करते समय सडक किनारे खडी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सैपउ इलाके के विक्रमपुर निवासी करीब 25 वर्षीय प्रेम कुशवाह के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड गए। इस हादसे में बेकाबू ट्रेलर ने सडक के किनारे में खाट पर सो रहे एक बुजुर्ग को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रुप से घायल हुए करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग बच्चू सिंह निवासी उमरारा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसने दम तोड दिया। तेज रफ्तार में बेकाबू ट्रेलर ने पास में खडी स्कार्पियो कार को भी टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार ग्वालियर मप्र निवासी करीब 26 वर्षीय अमित कुमार, 35 वर्षीय प्रदीप कुमार,करीब 36 वर्षीय प्रिया गुप्ता घायल हो गई। इन घायलों को भी जिला अस्पताल लाया गया,जहां से उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। स्कार्पियो सवार घायल सभी लोग खाटू श्याम से दर्शन कर अपने घर ग्वालियर वापस लौट रहे थे तथा रास्ते में कुछ देर के लिए उमरारा गांव के पास रुके थे। तभी बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आ गए। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही सैपउ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पंहुचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

