सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए पोषण का महत्व विषय पर सेमिनार का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए पोषण का महत्व विषय पर सेमिनार का आयोजन


जयपुर, 30 मई (हि.स.)। सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में ज्ञान शक्ति थिंक टैंक (जीएसटीटी) की ओर से जयपुर मिलिट्री स्टेशन में भविष्य के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा-सैनिकों और परिवारों के लिए पोषण का महत्व' विषय पर सेमिनार का आयोजन किया।

दो सत्रों में आयोजित इस सेमिनार में बड़ी संख्या में सेवारत और सेवानिवृत्त रक्षा अधिकारियों, जेसीओ, ओआर, डिफेन्स सिविलियन्स, छात्रों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान ले कर्नल निखिल धवन के अनुसार यह सेमिनार प्रसिद्ध पोषण विशेषज्ञ और स्वास्थ्य प्रशिक्षक जिनाल शाह द्वारा संचालित किया गया, जिन्हें पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने आकर्षक और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से भोजन संबंधी विकल्पों को लेकर बढ़ती भ्रम की स्थिति से निपटने की चुनौतियों पर प्रकाश डाला तथा सभी आयु वर्गों के लिए दीर्घकालिक एवं सतत स्वास्थ्य निर्माण के लिए व्यावहारिक रणनीतियों की जानकारी प्रदान की।

सेमिनार में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने में पारंपरिक भारतीय आहार की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष बल दिया। उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों के बीच स्वस्थ खानपान की आदतों, जीवनशैली में बदलाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोणों पर बहुमूल्य जानकारी साझा की।

लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, आर्मी कमांडर, सप्त शक्ति कमांड ने वक्ता की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार के स्वास्थ्य और समग्र कल्याण से सीधे जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता बढ़ाने हेतु उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर आर्मी कमांडर ने ज्ञान शक्ति थिंक टैंक जर्नल का पहला अंक भी जारी किया, जो कमांड के भीतर बौद्धिक चर्चा और ज्ञान-साझाकरण को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story