सीवरेज में स्कूटी गिरने के मामले में जेईएन सस्पेंड

WhatsApp Channel Join Now
सीवरेज में स्कूटी गिरने के मामले में जेईएन सस्पेंड


संबंधित ठेकेदार और जेईएन के खिलाफ एफआईआर दर्ज

जोधपुर, 23 मार्च (हि.स.)। महामंदिर क्षेत्र में सीवरेज मैनहॉल में स्कूटी सवार के गिरने के मामले ने जिला प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम के संबंधित जेईएन पीयूष अवस्थी को सस्पेंड कर दिया गया है और ठेकेदार के खिलाफ महामंदिर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

जिला कलेक्टर गौरव ने बताया कि हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। जिसमें सीवरेज मैनहॉल के रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। जिसमें रिपेयरिंग करने के बाद उसे प्रॉपर तरीके से सही नहीं किया गया था। ये एक गंभीर घटना थी। इस तरह की घटना की सत्यता जानने के बाद संबंधित ठेकेदार और जेईएन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार की ओर से सेफ्टी का ख्याल नहीं रखा गया था। जबकि किसी भी निर्माण कार्य के दौरान चाहे वह सडक़ का निर्माण कार्य हो या नाले का टेंडर में प्रावधान है कि इसमें पब्लिक सेफ्टी का ख्याल रखा जाए, लेकिन ठेकेदार ने इसमें पब्लिक सेफ्टी का ख्याल नहीं रखा। इस मामले में निगम कमिश्नर की ओर से संबंधित जेईएन को सस्पेंड किया गया है।

जबकि ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। जिला कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में भी दूसरे जिम्मेदार अधिकारियों को संदेश है कि किसी भी सरकारी कार्य के दौरान पब्लिक सेफ्टी को लेकर लापरवाही नहीं बरती जाए। सरकारी काम में खुदाई के दौरान उसमें प्रॉपर बैरिकेडिंग की जानी चाहिए।

यह है पूरा मामला

घटना जोधपुर शहर में महामंदिर स्थित शिव शक्ति कॉलोनी की गली नंबर 4 की थी। यहां 20 मार्च को स्कूटी सवार पर निगम की लापरवाही जानलेवा साबित हो गई। मौके पर सीवरेज की रिपेयरिंग के लिए गड्ढा खोदा हुआ था, जिसे प्रॉपर तरीके से बैरिकेडिंग नहीं की हुई थी। इधर यहां सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी सडक़ पर भरा था। ऐसे में सीवर दुरुस्त करने के लिए खोदा गया गड्ढा दिखाई नहीं दिया और स्कूटी सवार उसमें गिर गया।। हालांकि, गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समय रहते बाहर निकाल दिया। लेकिन इस घटना के बाद निगम और जिला प्रशासन की मॉनिटरिंग पर भी कई सवाल खड़े होने लगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story