सिपेट में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएल में उन्नत तकनीक और सतत विकास पर हुआ मंथन
जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), जयपुर में आयोजित 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएल -2026 के दूसरे दिन रविवार को तकनीकी एवं शैक्षणिक सत्रों, अंतरराष्ट्रीय संवाद, औद्योगिक प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य के अनुरूप उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और सतत विकास पर देश-विदेश के विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।
दूसरे दिन की शुरुआत भारत-कनाडा सम्मेलन से हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) राजीव प्रकाश ने की। इसमें कनाडा के सस्केचेवान विश्वविद्यालय के डॉ. अजय दलई और टोरंटो स्थित ओंटारियो पावर जनरेशन के डॉ. निशित बहादुर ने ऑनलाइन माध्यम से विचार साझा किए। वहीं आईआईटी रुड़की के प्रो. अभिजीत मैती ने भी सहभागिता की। सत्र में पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर सामग्री के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और भारत-कनाडा के बीच शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रदर्शनी और संवाद सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को नवीन तकनीकों से जुड़ने तथा आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने का मंच मिला। सम्मेलन का उद्देश्य उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित औद्योगिक प्रदर्शनी का उद्घाटन सिपेट के महानिदेशक एवं सम्मेलन के संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा ने किया। प्रदर्शनी में ऑल इंडिया प्लास्टिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, एलिम्को, जुपिटर ग्रुप, आनंद ग्रुप, उरी प्लास्ट, जय कपाली इंडस्ट्रीज, तिजारिया पॉलीपाइप्स और जीनस पावर सहित कई औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों ने अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया। सिपेट के विभिन्न केंद्रों के विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों के नवाचार एवं तकनीकी परियोजनाएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
सम्मेलन में स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें सयोना़ और सयूरी ने आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं नवाचार केंद्र के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. पीयूष मिश्रा के साथ नई पीढ़ी में स्टार्टअप और उद्यमिता की समझ विकसित करने, नवाचार आधारित विचारों को व्यावहारिक रूप देने तथा इन्क्यूबेशन की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर सिपेट और आईआईटी जम्मू के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत पेट्रोरसायन, प्लास्टिक, पॉलिमर, रासायनिक अभियांत्रिकी और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, विद्यार्थी प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, तकनीकी विकास तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

