सर्द हवाओं से कांपा राजस्थान, गुलाबी नगर में सीजन की सबसे सर्द रात-दिन

WhatsApp Channel Join Now
सर्द हवाओं से कांपा राजस्थान, गुलाबी नगर में सीजन की सबसे सर्द रात-दिन


जयपुर, 5 जनवरी (हि.स.)। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं मैदानीं इलाकों में धुजणी छुडा रही है। शीतलहर के चलते इस सीजन में पहली बार जयपुर की रात और दिन सबसे सर्द रहे। सर्द हवाओं से जयपुर के दिन के तापमान में करीब 4 और रात के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के चलते कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी 100 मीटर से कम दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 14.8 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 4 जनवरी 2025 को जयपुर में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। माउंट आबू का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में दिनभर सर्द हवाएं चलती रही। तेज सर्दी के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और सर्दी के बचने के लिए अलाव का सहारा लिया।

श्रीगंगानगर का दिन और वनस्थली की रात सबसे सर्द

प्रदेश में चल रही शीतलहर के कारण प्रदेश के 19 शहरों में शीत दिन दर्ज किया गया तो वहीं 26 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के शहरों के दिन के तापमान में 5 से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। दौसा के दिन के तापमान में सबसे ज्यादा 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 14.3 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 4.1 डिग्री के साथ वनस्थली की रात प्रदेश में सबसे सर्द रही। प्रदेश का अधिकांश हिस्सा कोहरे में लिपटा रहा। शेखावाटी इलाकों के साथ उसके आस-पास के शहर और उत्तरी-पूर्वी राजस्थान के कई शहर घने कोहरे के आगोश में रहे। वनस्थली के अलावा माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 4.4, श्रीगंगानगर और सिरोही का 5.4, सीकर का 5.5, पाली का 5.6 और अजमेर का 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। 26.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 12 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात सबसे गर्म रही।

जारी रहेगा शीतलहर और कोहरे का कहर

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सोमवार को राज्य में कहीं-कहीं घना कोहरा व अतिशीत दिन दर्ज किया गया है। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी 2-3 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह के समय घना कोहरा व शीतदिन दर्ज होने की संभावना है। आगामी दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने व राज्य के उत्तरी भागों में शीतलहर की संभावना है। रविवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा और राज्य में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया तथा पूर्वी राजस्थान कहीं-कहीं पर शीत दिन और शीत लहर दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story