सफाई सेवा मैराथन में जी जान से जुटा निगम, 4000 टन कचरा इकट्ठा, एयर फोर्स और पुलिस के जवानों ने की भी सफाई

WhatsApp Channel Join Now
सफाई सेवा मैराथन में जी जान से जुटा निगम, 4000 टन कचरा इकट्ठा, एयर फोर्स और पुलिस के जवानों ने की भी सफाई


सफाई सेवा मैराथन में जी जान से जुटा निगम, 4000 टन कचरा इकट्ठा, एयर फोर्स और पुलिस के जवानों ने की भी सफाई


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर को स्वच्छता के शिखर पर पहुंचाने के लिए शनिवार को नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान 'सफाई सेवा मैराथन-2026' शुरू किया। सुबह 7 बजे निगम कमिश्नर ओम कसेरा अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतरे। अभियान की शुरुआत में 'सफाई योद्धाओं' ने जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की सामूहिक शपथ ली।

खास बात यह रही कि कमिश्नर केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहे, किशनपोल बाजार में गंदगी देख उन्होंने खुद कूड़ा उठाया। कचरा उठाकर डस्टबिन में डाला। दोपहर होते-होते निगम कमिश्नर को जयपुर कलेक्टर संदेश नायक का साथ मिला। इसके बाद दोनों अधिकारी फील्ड में डटे रहे। दोपहर करीब 1:30 बजे कलेक्टर संदेश नायक और कमिश्नर ओम कसेरा आरयूएसएच स्थित अन्नपूर्णा रसोई पहुंचे। अधिकारियों ने वहां न केवल खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की, बल्कि आम जनता के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से खाने के स्वाद और सुविधाओं का फीडबैक लिया।

वहीं जलमहल की पाल पर इंडियन एयर फोर्स के 30 जवान और राजस्थान ग्रामीण पुलिस लाइन के 30 जवानों ने निगम के कर्मचारियों के साथ मिलक सफाई की।

इस अवसर पर जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने ऐलान किया कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के सभी नगर निकायों में इसी तर्ज पर सफाई मैराथन शुरू कराई जाएगी।

अभियान का असर पहले ही दिन धरातल पर नजर आया। ट्रांसफर स्टेशनों पर कचरा लेकर पहुंचने वाली गाड़ियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी दर्ज की गई। हालांकि, अजमेरी गेट और जलेब चौक पर पसरी गंदगी देख कमिश्नर ने नाराजगी भी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ओम कसेरा ने सीधे आम जनता से संवाद किया। उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों से पूछा- क्या आपके इलाके में रोज इसी तरह सफाई होती है? डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाली गाड़ी समय पर पहुंच रही है या नहीं?जयपुर के किशनपोल बाजार पहुंचे कमिश्नर ओम कसेरा खुद को रोक नहीं पाए। कर्मचारी के साथ साफ-सफाई में उन्होंने हाथ बंटाया।

कमिश्नर ओम कसेरा ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हम जयपुर की जनता से सहयोग मांग रहे हैं और उन्हें 'प्रेम की भाषा' में स्वच्छता का महत्व समझा रहे हैं। अगर समझाने के बाद भी कोई शहर को गंदा करता पाया गया, तो निगम प्रशासन उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने से पीछे नहीं हटेगा।

इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए निगम ने अतिरिक्त कचरा संग्रहण वाहन, जेसीबी और डंपर तैनात किए हैं। वार्ड स्तर पर मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि रात तक चलने वाले इस अभियान में कोई भी इलाका अछूता न रहे।

निगम कमिश्नर ने बताया कि यह कोई सामान्य अभियान नहीं बल्कि एक 'मैराथन' है। शहर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों में 9000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यह विशेष अभियान सुबह 7 बजे से देर रात तक यानी लगातार 14 घंटे चलेगा। रोजाना शहर से 2000 से 3000 टन कचरा उठता है, लेकिन आज संसाधनों की बढ़ोतरी के साथ इस आंकड़े को पार कर शहर के हर कोने को साफ करने का लक्ष्य है। 5 बजे तक 3500 टन कचरा संग्रहण किया जा चुका था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story