सफाई व्यवस्था पर निगम आयुक्त सख्त: रात्रि में 10 किलोमीटर पैदल किया निरीक्षण
जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने परकोटे क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार देर रात व्यापक निरीक्षण किया। आयुक्त ने रात 11:30 बजे से न्यू गेट से शुरू कर जोरावर सिंह गेट, जोहरी बाजार, नेहरू बाजार, हवा महल, जल महल, सुभाष चौक, बापू बाजार और रामगढ़ मोड़ सहित करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र का पैदल दौरा कर सफाई व्यवस्था की हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जगह-जगह फैली गंदगी और डस्टबिनों की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क किनारे रखे डस्टबिनों से नियमित रूप से कचरा खाली कराने के निर्देश दिए। हवा महल के पास डिवाइडरों पर कचरा देख आयुक्त ने तत्काल सफाई करवाने के आदेश दिए।
आयुक्त ने गंदगी फैलाने वाले थड़ी-ठेला संचालकों के खिलाफ मौके पर ही चालान काटने के निर्देश दिए। साथ ही परकोटे क्षेत्र में अवैध रूप से डाली गई केबल लाइनों को हटाने के लिए भी संबंधित विभाग को सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आमजन से भी सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
आयुक्त कसेरा ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था और सुंदरता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

