संविधान दिवस पर आयोजित होंगे पांच दिवसीय कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर आयोजित होंगे पांच दिवसीय कार्यक्रम


जोधपुर, 20 नवम्बर (हि.स.)। संविधान दिवस (26 नवंबर) के उपलक्ष्य में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के अंबेडकर अध्ययन केंद्र और सामाजिक सरोकार प्रकल्प द्वारा आगामी पांच दिनों तक विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके मूल्यों और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान से रूबरू कराना है।

अंबेडकर अध्ययन केंद्र द्वारा इस कार्यक्रम हेतु नियुक्त समन्वयक निपुण जोशी और यदुपति वर्मा ने बताया कि अगले पांच दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में हर दिन अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से संवैधानिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ तिरंगा रैली निकालकर की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे। यह रैली कला संकाय से संविधान पार्क के बीच होगी। विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया से जोडऩे के लिए संविधान सभा की बहसों पर आधारित पुस्तकों का अवलोकन और विशेष पत्र वाचन सत्र आयोजित किया जाएगा।

स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए छात्रों द्वारा संविधान पार्क में श्रमदान किया जाएगा। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और संविधान के प्रति उनकी समझ को परखने के लिए पोस्टर मेकिंग, संविधान प्रश्नोत्तरी (क्विज) और वाद-विवाद (डिबेट) प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।

अध्ययन केंद्र ने संस्थान के सभी विद्यार्थियों से इन पांच दिवसीय कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने की अपील की है। इस हेतु अलग अलग टीम भी बनाई गई है। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780489 Articles

Share this story