श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह रविवार को

WhatsApp Channel Join Now
श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह रविवार को


जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। सेवा भारती समिति जोधपुर के तत्वावधान में 22 फरवरी को श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह 2026 का आयोजन आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर, कमला नेहरू नगर में किया जाएगा। इसमें 24 नवयुगल वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिविधान के साथ सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे।

आयोजन समिति के महामंत्री वरुण धनाडिया ने बताया कि यह आयोजन केवल विवाह संस्कार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का उत्सव है, जो जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। इस दौरान नववधुओं को सिलाई मशीन प्रदान की जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक सुदृढ़ता में सहयोग दे सकें। इस समारोह की विशेषता यह रहेगी कि सात फेरों के साथ नवदंपतियों को सात सामाजिक संकल्प भी दिलाए जाएंगे जिसमें नारी सम्मान, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सेवा एवं राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार और कुरीतियों का त्याग शामिल है। प्रत्येक जोड़े को आवश्यक गृहस्थी सामग्री, वस्त्र एवं उपयोगी सामग्री भेंट जैसे घर में पलंग, बिस्तर, साडिय़ां, घरेलू बर्तन, गैस का चूल्हा, अलमारी जैसे अन्य उपयोगी सामान दिए जाएंगे ताकि वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत गरिमा और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

दूल्हों की बारात जूना खेड़ापति बालाजी मंदिर से बैंड-बाजे के साथ विवाह स्थल तक पहुचेगी, जो पूरे शहर में सांस्कृतिक गौरव और सकारात्मक सामाजिक संदेश का प्रसार करेगी। संत-महात्माओं के सान्निध्य में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न होंगे। कार्यक्रम में शांतेश्वर महाराज, संत रामप्रसाद महाराज, अमृतराम महाराज, संत चंद्रप्रभ, ललित प्रभ सागर, अचलानंद गिरी महाराज, महेश अबोटी गुरु, राजाराम महाराज, कृपाराम महाराज, हरिराम शास्त्री, साध्वी नित्यमुक्ता, योगी प्रेम स्वामी, सुंदरलाल प्रभु, महंत रामेश्वरदास रामावत सहित अन्य लोगों का सान्निध्य रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story