श्री चिन्ताहरण काले हनुमान जी मंदिर में सप्त दिवसीय हनुमत् जन्मोत्सव पर निकलेगी कलश यात्रा
जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मानसरोवर के पटेल मार्ग के सामने न्यू सांगानेर रोड पर प्रजापति विहार स्थित श्री चिन्ताहरण काले हनुमान जी मंदिर में 27 मार्च से 2 अप्रैल तक सप्त दिवसीय हनुमत् जन्मोत्सव का आयोजन महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज के सानिध्य में किया जाएगा। महोत्सव के पोस्टर का विमोचन निज मंदिर में किया गया । महोत्सव का शुभारंभ 27 मार्च को शाम 4 बजे विजय पथ चौराहा स्थित खाटू श्याम जी मंदिर से गाजेबाजे के साथ निकलने वाली कलश यात्रा से होगा। शोभा यात्रा को विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री राजारामजी ध्वज दिखाकर रवाना करेंगे इस मौके पर देश-विदेश से जगतगुरु संत महंत शोभायात्रा में शिरकत करेंगे कलश यात्रा में 521 महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलेंगी।
महामंडलेश्वर मनोहरदास जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खोजीजीद्वाराचार्य स्वामी रामरिछपाल देवाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में होने वाले महोत्सव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी शामिल होंगे। मुख्य यजमान चंद्र प्रकाश भाड़ेवाला होंगे।
मंदिर के प्रवक्ता प्रियाशरण महाराज ने बताया कि आयोजन के तहत 27 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन प्रात: 8 से 12 बजे तक एकादश कुंडात्मक हनुमत् महायज्ञ में वेद मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां प्रदान की जाएंगी। यज्ञ के आचार्य पं. अश्विनी चतुर्वेदी होंगे। 28 मार्च से 1 अप्रैल तक दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक हनुमत् कथा होगी। व्यास पीठ से वृंदावन के पं. केशवदेव महाराज भक्तमाली जी कथा श्रवण कराएंगे। शाम 6 से 9 बजे तक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 27 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक प्रसादी वितरण किया जाएगा।
भजन संध्या में 29 मार्च को श्री महेश मित्र मंडल, 30 मार्च को म्हारे घरां पधारो श्याम संस्था, 31 मार्च को श्री बजरंग सत्संग मंडल तथा 1 अप्रैल को श्री प्रेम भाया मंडल की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
श्री हनुमत् जन्मोत्सव यज्ञ सेवा समिति के शिव मोहन गोयल, डिम्पल माहेश्वरी, अरुण चतुर्वेदी, विकास शर्मा सहित अन्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

