शिल्पकार और बुनकरों को दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
शिल्पकार और बुनकरों को दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी


निफ्ट की ओर से शिल्पकारों के उत्थान के लिए चौपाल का आयोजन

जोधपुर, 06 जून (हि.स.)। वस्त्र मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार जयपुर के प्रसिद्ध बगरू ब्लॉक प्रिंट क्लस्टर और टाई डाई में स्थानीय हथकरघा और हस्तशिल्प कार्यालयों तथा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के संयुक्त तत्वावधान में एक अनूठी चौपाल का आयोजन किया गया।

निफ्ट निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने बताया कि इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्थानीय शिल्पकारों और बुनकरों को वस्त्र मंत्रालय की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी प्रदान करना है।

चौपाल में वस्त्र मंत्रालय की योजनाओं और नीतियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए निफ्ट के फैशन कम्युनिकेशन विभाग के असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ. मनीष शर्मा ने वस्त्र मंत्रालय की कल्याणकारी नीतियों जैसे पहचान पत्र, मुद्रा ऋण योजना, कौशल विकास कार्यक्रम और इंडिया हैंडमेड ई-कॉमर्स पोर्टल पर डिजिटल ऑनबोर्डिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कारीगरों को बताया गया कि वे इन सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किस प्रकार अपने व्यवसाय और शिल्पकला को और अधिक सुदृढ़ बना सकते हैं। निफ्ट में शिल्पकारों के बच्चों के प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी कार्यक्रम में बगरू के कारीगरों और उनके बच्चों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान डॉ. मनीष शर्मा ने वस्त्र मंत्रालय और निफ्ट द्वारा कारीगरों के बच्चों के लिए आरक्षित विशेष प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि इस श्रेणी के तहत कारीगरों के बच्चे सामान्य प्रवेश परीक्षा के कठिन दौर के बिना विशिष्ट कौशल परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से निफ्ट के प्रतिष्ठित डिजाइन पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश पा सकते हैं। इस दौरान शिल्पकारों ने अधिकारियों और निफ्ट फैकल्टी के सामने अपनी शंकाएं रखीं, जिनका मौके पर ही सरल भाषा में समाधान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story