शिक्षा की गुणवत्ता पर समझौता नहीं: कुलगुरु
जोधपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कृषि महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान कुलगुरु ने महाविद्यालयों की प्रगति, संचालित होने वाली विविध अकादमिक गतिविधियों सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में कुलगुरु ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रमों को रोजगारोन्मुख, कौशल-आधारित तथा उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने वाला बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षक पाठ्यक्रम को प्रभावी ढंग से संपन्न करवाया जाना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने कहा कि विद्यार्थियों के कैरियर को देखते हुए महाविद्यालय बेहतरीन प्लेसमेंट्स की सुविधा उपलब्ध करवायें। साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न संस्थाओं के साथ किये गये एमओयू का फायदा विद्यार्थियों को अधिक से अधिक दिलवाया जाए।
बैठक के दौरान कुल गुरु ने सभी महाविद्यालयों में समय की पाबंदी सुनिश्चित करने, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण कक्षाएँ संचालित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिष्ठाताओं को शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद एवं नियमित बैठकों के आयोजन पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में परीक्षा सुधारों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने समयबद्ध परीक्षा परिणाम घोषित करने तथा प्रत्येक निर्णय में विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालयों को आपस में सामंजस्य बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं के संबंध में व्यापक जानकारी प्रदान करने का भी आह्वान किया।
बैठक के दौरान अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, जोधपुर एवं संकायाध्यक्ष डॉ जीवाराम वर्मा, निदेशक शिक्षा, डॉ सुरेंद्र कुमार मूंड, डॉ एम एम कुमावत, डीन, प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, जोधपुर, डॉ नलिनी रामावत, विशेषाधिकारी, डेयरी एवं खाद प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, परीक्षा नियंत्रक डॉ दुर्गा प्रसाद, जनसंपर्क अधिकारी, डॉ संगीता शर्मा एवं बैठक में वर्चुअल रूप से डॉ एमके पूनिया, डीन, कृषि महाविद्यालय, नागौर, डॉ आर एल भारद्वाज, डीन, कृषि महाविद्यालय, बायतु एवं डॉ एम एल तेतरवाल, डीन, कृषि महाविद्यालय, सुमेरपुर की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

