वोट बचाओ—देश बचाओ अभियान: जयपुर में युवा कांग्रेस का पैदल मार्च

WhatsApp Channel Join Now
वोट बचाओ—देश बचाओ अभियान: जयपुर में युवा कांग्रेस का पैदल मार्च


वोट बचाओ—देश बचाओ अभियान: जयपुर में युवा कांग्रेस का पैदल मार्च


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में जयपुर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। शहीद स्मारक से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक निकाले गए मार्च में कार्यकर्ता विशाल बैनर लेकर पहुंचे और 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का संदेश दिया। युवा कांग्रेस ने राजस्थान से 5 हजार कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा है।

पैदल मार्च के दौरान मीडिया से बातचीत में उदयभानु चिब ने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट चोरी किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक से जुड़ा सवाल है। देश में बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे हैं। चिब ने आरोप लगाया कि भाजपा को लगता है कि युवा उसके पक्ष में मतदान नहीं भी करेंगे, तब भी चुनावी प्रक्रिया के जरिए सत्ता में बने रह सकते हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उल्लेख करते हुए चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

चिब ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर बल प्रयोग किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं पर लाठीचार्ज और अन्य बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उनके अनुसार, वोट चोरी का मुद्दा किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार से जुड़ा है।

मानहानि मामले में राहुल गांधी को बरी किए जाने से जुड़े सवाल पर चिब ने इसे सत्य की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों के बावजूद लगातार जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। चिब के अनुसार, राहुल गांधी अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को भी सत्य के साथ खड़े रहने का प्रतीक मानते हैं और अब धीरे-धीरे सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा भी राहुल गांधी ने पहले उठाया था, जो अब राष्ट्रीय बहस का विषय बन गया है।

दिल्ली में प्रस्तावित महारैली के कारण व्यापारियों को होने वाली परेशानी से जुड़े सवाल पर चिब ने कहा कि दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से दिल्ली के दुकानदारों और व्यापारियों को फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि महारैली में करीब 10 लाख लोग जुटेंगे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने से बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी और व्यापार को लाभ मिल सकता है। उन्होंने व्यापारियों की चिंता को लेकर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़े सवाल पर चिब ने भाजपा पर कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान करने और राजनीतिक भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह स्वीकार नहीं हो रहा कि एक दलित नेता कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष है। चिब ने भाजपा पर दलित विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि खड़गे के भाषणों और सभाओं को लेकर भी भाजपा की ओर से विरोध किया जाता है।

पैदल मार्च के बाद उदयभानु चिब ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में युवा कांग्रेस के निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ बैठक की और दिल्ली महारैली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्थान से 5 हजार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया। चिब के मुताबिक, दिल्ली सीमा और रामलीला मैदान के आसपास अलग-अलग जांच चौकियां बनाई जाएंगी, जहां विभिन्न राज्यों से आने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निगरानी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story