विपक्ष युवाओं के कंधे पर रखकर बंदूक न चलाए, सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध : शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष युवाओं के कंधे पर रखकर बंदूक न चलाए, सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध : शेखावत


जोधपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अपने संसदीय क्षेत्र जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। शेखावत ने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही चुनावी हार से बौखलाए विपक्षी दल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों का अनुचित लाभ उठाने और उनके कंधों पर रखकर बंदूक चलाने का प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शेखावत ने राजस्थानी की प्रसिद्ध कहावत जठे दीखी भरियोड़ी परात, उठै लीन पूग्या बरात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्हें देश, देश के भविष्य या देश की साख की कोई चिंता नहीं है। जहाँ भी अवसर मिलता है, वे केवल सरकार को कोसने और अपनी राजनीतिक गोटियाँ सेकने में जुट जाते हैं। हालांकि, देश की जनता और युवा सब भली-भांति समझते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर छात्रों और युवाओं के साथ किए गए संवाद का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि देश भर के युवाओं ने इस पहल का अभूतपूर्व उत्साह और सकारात्मकता के साथ स्वागत किया है। प्रधानमंत्री जी ने भी युवाओं के इस समर्थन के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया है। परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार इस विषय में अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों को रेखांकित करते हुए कहा शिकायत मिलते ही बिना किसी कोताही के जांच कराई गई और अपराधियों को जेल भेजा गया। नीट परीक्षा के रिकॉर्ड 2 महीने के भीतर पूरी शक्ति, संसाधन और पारदर्शिता के साथ परीक्षा पुन: आयोजित कर परिणाम जारी किए गए। लापरवाही बरतने वाले 47 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया तथा संबंधित शिक्षा सचिव का स्थानांतरण कर दिया गया। मोदी सरकार की प्राथमिकता युवाओं के सामर्थ्य के बल पर ही देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story