वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा : गोपाल शर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट, करमचंदाणी को जनसंपर्क रत्न

WhatsApp Channel Join Now
वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा : गोपाल शर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट, करमचंदाणी को जनसंपर्क रत्न


बीकानेर, 21 अप्रैल (हि.स.)। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन (प्रसार) की ओर से इस वर्ष का घनश्याम गोस्वामी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक गोपाल शर्मा तथा किशन कुमार व्यास ‘आजाद’ स्मृति जनसंपर्क रत्न अवार्ड, विभाग की पूर्व सहायक निदेशक वीना करमचंदाणी को अर्पित किया जाएगा। इसी प्रकार दिनेश चंद सक्सेना स्मृति युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान युवा जनसंपर्क अधिकारी सुरेन्द्र सामरिया (बगवाड़ा) को दिया जाएगा।

प्रसार अध्यक्ष डॉ. हरिशंकर आचार्य ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर प्रसार कार्यकारिणी द्वारा सम्मान की सूची को अंतिम रूप दिया गया। सम्मान समारोह अगले महीने आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रसार द्वारा वर्ष 2019 से यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। युवा जनसंपर्ककर्मी सम्मान गत वर्ष प्रारम्भ किया गया था। शर्मा, करमचंदाणी तथा सामरिया तीनों ही जयपुर के रहने वाले हैं। गोपाल शर्मा एवं करमचंदाणी अनवरत साहित्य सृजन से भी जुड़े हैं।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुमार अजय ने बताया कि विभाग के दिवंगत अधिकारियों की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। अब तक जनसंपर्क विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. अमर सिंह राठौड़ सहित विभाग के विभिन्न अधिकारियों को अर्पित किया जा चुका है।

इस दौरान उपाध्यक्ष (क्षेत्रीय) धर्मेन्द्र मीणा, उपाध्यक्ष (मुख्यालय) चंद्रशेखर पारीक, कोषाध्यक्ष हरि शंकर शर्मा, महासचिव अभय सिंह, सचिव मोहित जैन तथा संयुक्त सचिव पुष्पक मीणा ने ऑनलाइन माध्यम पर अपने विचार रखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story