वंशावली की पोथियों में मिलता है वास्तविक इतिहास: प्रो. शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
वंशावली की पोथियों में मिलता है वास्तविक इतिहास: प्रो. शर्मा


जेएनवीयू में भारतीय वंशावली परंपरा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन

जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र एवं अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शनिवार को समापन हुआ।

थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो. महीपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि समापन अवसर पर आयोजित संवाद सत्र में उदयपुर के पैसिफिक विश्वविद्यालय संस्थान समूह के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रसाद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रो. शर्मा ने कहा कि वंशावली की पोथियां संपूर्ण और वास्तविक इतिहास को प्रमाणिक संदर्भों के साथ प्रस्तुत करती हैं। वंशावली लेखकों ने केवल पीढिय़ों का विवरण ही नहीं, बल्कि अपने समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को भी संदर्भ सहित लिपिबद्ध किया है। इसलिए भारतीय इतिहास के वास्तविक स्वरूप को समझने के लिए वंशावली की मूल पोथियों का अध्ययन और विश्लेषण अत्यंत आवश्यक है।

संवाद सत्र में अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान, जयपुर के अध्यक्ष परमेश्वर ब्रह्मभट्ट ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए। संस्थान के डॉ. बाबूलाल भाट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. गोविंद शुक्ला ने की।

संगोष्ठी के दो दिवसीय आयोजन में उद्घाटन एवं संवाद सत्र के साथ दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। संगोष्ठी हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिससे देशभर के विषय विशेषज्ञों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सहभागिता का अवसर मिला। तकनीकी सत्रों में भारतीय वंशावली परंपरा के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शोधपरक पहलुओं पर आधारित शोध पत्रों का वाचन किया गया। शनिवार सुबह आयोजित ऑनलाइन सत्र में डॉ. लक्ष्मण सिंह गड़ा ने बीज वक्तव्य प्रस्तुत किया। सत्र की अध्यक्षता डॉ. प्रेम सिंह ने की तथा डॉ. महेंद्र सिंह ने सत्र संयोजन किया। कार्यक्रम के अंत में थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो. महीपाल सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story