वंदे भारत आधारित सुपरफास्ट पार्सल फ्रेट ईएमयू का 145 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ऑसिलेशन ट्रायल

WhatsApp Channel Join Now
वंदे भारत आधारित सुपरफास्ट पार्सल फ्रेट ईएमयू का 145 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ऑसिलेशन ट्रायल


काेटा, 20 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में देश की पहली वंदे भारत प्लेटफॉर्म आधारित सुपरफास्ट पार्सल फ्रेट ईएमयू रेक के विस्तृत तकनीकी परीक्षण जारी हैं। इसी क्रम में रेक का खाली अवस्था में ऑसिलेशन ट्रायल सफलतापूर्वक किया गया। इस दौरान अधिकतम 145 किलोमीटर प्रति घंटे की गति पर ऑसिलेशन परीक्षण के साथ आपातकालीन ब्रेकिंग दूरी का भी परीक्षण किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर आधारित 20.32 टन एक्सल लोड वाली बोगियों से युक्त इस फ्रेट ईएमयू रेक का ऑसिलेशन ट्रायल पश्चिम मध्य रेलवे के नागदा-कोटा-सवाई माधोपुर खंड की अप एवं डाउन लाइन पर किया गया। ट्रायल का उद्देश्य विभिन्न गति पर रेक की स्थिरता, संचालन क्षमता एवं ऑसिलेशन व्यवहार का तकनीकी आकलन करना है।

परीक्षण के दौरान रेक को चौमहला से शामगढ़ के बीच पहले 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया गया। इसके बाद इसी खंड पर गति बढ़ाकर 135 किलोमीटर प्रति घंटे की गई। परीक्षण के अंतिम चरण में चौमहला से गुड्ला के बीच रेक को अधिकतम परीक्षण गति पर सफलतापूर्वक चलाया गया। इस दौरान रेक की उच्च गति पर स्थिरता एवं ऑसिलेशन व्यवहार का परीक्षण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार किया गया। इसी क्रम में खाली अवस्था में आपातकालीन ब्रेकिंग दूरी का परीक्षण भी किया गया।

रेक के विद्युत संबंधी परीक्षण भी खाली अवस्था में प्रक्रिया में हैं, जिन्हें निर्धारित परीक्षण कार्यक्रम के अनुसार आगे किया जाएगा। इन परीक्षणों के माध्यम से रेक की विद्युत एवं प्रणोदन प्रणालियों के प्रदर्शन का तकनीकी आकलन किया जाएगा।

ट्रायल में कोटा मंडल की ओर से लोको पायलट पंचम सिंह, मुख्य लोको निरीक्षक जे.पी. सिंह तथा यातायात निरीक्षक महेंद्र सिंह शामिल रहे। एकीकृत कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), चेन्नई की ओर से सुधांशु कुमार, सहायक मंडल विद्युत अभियंता (एडीईई), आईआरएसई तथा अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) की ओर से शशिकांत यादव, सहायक अनुसंधान अभियंता ट्रायल टीम के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा नॉर-ब्रेम्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एमआई टेक एवं मेधा की विशेषज्ञ टीमें भी परीक्षण में शामिल रहीं।

वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर आधारित यह 16 कोच की फ्रेट ईएमयू तेज गति से पार्सल एवं लॉजिस्टिक्स परिवहन के लिए विकसित की गई है। रेक में आधुनिक प्रणोदन एवं ब्रेकिंग प्रणाली के साथ पार्सल लोडिंग को सुगम बनाने के लिए विशेष रोलर फ्लोर सिस्टम, स्वचालित चौड़े स्लाइडिंग दरवाजे, तापमान नियंत्रित रेफर सुविधा, सीसीटीवी निगरानी एवं अग्नि पहचान प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कोटा मंडल में चल रही इस परीक्षण श्रृंखला के तहत रेक की विभिन्न गति एवं परिस्थितियों में तकनीकी क्षमता, स्थिरता, ब्रेकिंग तथा सुरक्षा मानकों का आकलन किया जा रहा है। इन परीक्षणों के परिणाम रेक की तकनीकी कार्यक्षमता एवं भविष्य में तेज, सुरक्षित और समयबद्ध पार्सल परिवहन के लिए इसकी उपयुक्तता के आकलन में महत्वपूर्ण होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story