रेलवे सुरक्षा बल की अनूठी पहल : मेस कर्मचारी की बेटी के विवाह में भरा मायरा
बीकानेर, 29 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बीकानेर ने मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक एकजुटता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 22 वर्षों से मेस में कुक के रूप में सेवाएं दे रहे भीम बहादुर सोनी की पुत्री के विवाह समारोह में 3,25,000 रुपये का मायरा एवं बहुमूल्य आभूषण भेंट किए।
इस अवसर पर आरपीएफ बीकानेर परिवार द्वारा चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, चांदी की कान की बालियां, चांदी के बिछिया एवं सोने की नथ मायरे में प्रदान की गई। यह पहल न केवल कर्मचारी के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि संगठन के भीतर आपसी सहयोग और पारिवारिक भावनाओं को भी दर्शाती है।
कार्यक्रम में सहायक सुरक्षा आयुक्त पप्पू राम मीणा, सुभाष बिश्नोई, सीआई बीकानेर, अजय महलावत, एसआई रविंद्र कुमार सहित जगबीर सिंह, सुभाष, नवीन कुमार, सोहनलाल, सतीश कुमार, उषा निरंकारी, सीआई लालगढ़ बीकानेर, राजवीर सिंह धारा, शिवराम, प्रवीण कुमार, घनी देवी, राजेंद्र बिजानिया, अनीता, ममता, रजनी, मुनेश कुमारी, रेनू यादव इंटेलिजेंस, कांस्टेबल रामरति सहित अनेक अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
आरपीएफ बीकानेर द्वारा किया गया यह कार्य न केवल बीकानेर बल्कि पूरे संभाग में एक मिसाल बनकर सामने आया है। इस प्रकार का सहयोग और अपनापन विरले ही देखने को मिलता है, जिसने सभी के दिलों को छू लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

